•अनुपस्थित शिक्षकों व कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश, शिक्षा की गुणवत्ता और छात्र उपस्थिति सुधारने के दिए सख्त आदेश
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल ने मंगलवार को विकास खंड पिसावां के कई प्राथमिक विद्यालयों एवं ब्लॉक संसाधन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बेहद कम पाई गई तथा सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर बीएसए ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय वजीरनगर (कम्पोजिट) के निरीक्षण के दौरान कुल छह अध्यापकों एवं पांच शिक्षामित्रों में से तीन सहायक अध्यापक तथा दो शिक्षामित्र बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। उनकी अनुपस्थिति प्रेरणा पोर्टल पर दर्ज कराई गई। विद्यालय में 150 नामांकित छात्रों के सापेक्ष मात्र 45 छात्र उपस्थित पाए गए। विद्यालय परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई भी खराब मिली। बीएसए ने शिक्षकों को घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा विद्यालय की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया। कक्षा पांच की छात्रा अलकारिया ने गणित का प्रश्न सही हल कर प्रशंसा प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षकों को अभिभावक-शिक्षक बैठक नियमित कराने, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और मानकों के अनुरूप मिड-डे मील वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय गौरासी कला के निरीक्षण में 65 नामांकित छात्रों के सापेक्ष केवल पांच छात्र उपस्थित मिले। यहां भी विद्यालय परिसर एवं शौचालयों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। विद्यालय के जर्जर भवन की घेराबंदी कराने के निर्देश दिए गए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
प्राथमिक विद्यालय पिसावां-1 में सभी पांच शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन 152 नामांकित छात्रों में से एक भी छात्र विद्यालय नहीं पहुंचा था। इस पर बीएसए ने तत्काल अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली, जिसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए।
बीएसए ने ब्लॉक संसाधन केंद्र पिसावां का भी औचक निरीक्षण किया। यहां नौ कर्मचारियों में से चार कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन एवं मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए। कार्यालय परिसर एवं शौचालयों की सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक मिली। बीएसए ने कार्यालय भवन की रंगाई-पुताई, स्टॉक एवं व्यय पंजिका अद्यतन करने तथा परिसर में पौधारोपण कर 10 दिन के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, स्वच्छता और विद्यालयी व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।