केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में डीपीआरसी सभागार में आयोजित “समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान” के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला में उस समय एक रोचक स्थिति उत्पन्न हो गई, जब भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह अपने संबोधन के दौरान मंचासीन अधिकारियों के नामों का गलत उल्लेख कर बैठीं।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, धनघटा विधायक गणेश चौहान, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
अपने संबोधन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी आलोक कुमार का नाम “आलोक कुमार सिंह” तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी का नाम “जयप्रकाश निषाद” कहकर संबोधित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह लिखित भाषण का वाचन कर रही थीं, इसके बावजूद नामों के उच्चारण में हुई इस चूक पर उपस्थित लोगों का ध्यान तुरंत गया।
कार्यक्रम के दौरान यह प्रसंग कुछ देर तक चर्चा का विषय बना रहा।
हालांकि इसके बाद कार्यशाला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रही और वक्ताओं ने प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, मृदा संरक्षण तथा किसानों की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी मंच से हुई नामों की यह चूक लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।