अयोध्या। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा कृषि विभाग के अंतर्गत कृषि प्राविधिक सहायक (एजीटीए) के 3446 पदों पर मंगलवार को घोषित अंतिम चयन परिणाम में जनपद अयोध्या के विकासखंड मया अंतर्गत ग्राम जजवट निवासी उदित सिंह का चयन होने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। चयन की सूचना मिलते ही परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए मिठाई खिलाई तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
24 वर्षीय उदित सिंह किसान श्री अमर बहादुर सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध आशा भगवान बक्स सिंह महाविद्यालय, पूरा बाजार, अयोध्या से बी.एससी. (कृषि) की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2021 से उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता हासिल की।
उदित सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2024-25 की उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में अंतिम चयन से बाहर हो जाने के बाद वे काफी निराश हुए थे, लेकिन परिवार ने उनका मनोबल टूटने नहीं दिया। उन्होंने दोबारा पूरी लगन के साथ तैयारी शुरू की और आखिरकार कृषि प्राविधिक सहायक के पद पर चयनित होकर अपनी मेहनत को सफल बनाया।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय एग्री कोचिंग चंडीगढ़ के सभी शिक्षकों, विशेषकर संस्थान के सीईओ दीपक वाधवा को दिया। साथ ही अपने माता-पिता और बड़े भाई शशांक सिंह, परिचय सिंह, सुकृत, शुभांक, शिवम व मित्रों के सहयोग और प्रेरणा को सफलता का आधार बताया।
उदित सिंह ने कहा कि उनके पिता एक साधारण किसान हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी। परिवार के संघर्ष और माता-पिता के त्याग का ही परिणाम है कि संयुक्त परिवार के नौ भाइयों में से सात आज सरकारी सेवाओं में चयनित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवार के युवाओं का पहला लक्ष्य सरकारी नौकरी प्राप्त कर परिवार की जिम्मेदारियों को कम करना होता है। अब उनका अगला लक्ष्य उत्तर प्रदेश पीसीएस (कृषि सेवा) में चयनित होकर कृषि क्षेत्र में बेहतर योगदान देना है। उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए लोगों ने कहा कि निरंतर प्रयास, धैर्य और आत्मविश्वास से हर कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।