भामाशाह जयंती पर व्यापारी संगोष्ठी आयोजित, सुनील अग्रवाल हुए ‘व्यापारी सेवा सम्मान’ से सम्मानित।

Spread the love

मथुरा। भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर द ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा सिंघल होम फर्नीचर परिसर में व्यापारी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने भामाशाह के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष चिराग अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2024 से भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाने की घोषणा व्यापारियों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने जिले स्तर पर प्रशासन द्वारा व्यापारी सम्मान समारोह आयोजित किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, मथुरा के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल तथा उद्योगपति कुंजबिहारी सिंघल रहे। अतिथियों एवं उपस्थित व्यापारियों ने भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर सुनील अग्रवाल ने भामाशाह के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महाराणा प्रताप के कोषाध्यक्ष थे। विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने अपना समस्त धन राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए महाराणा प्रताप को समर्पित कर दिया, जिससे लंबे समय तक उनकी सेना का संचालन संभव हो सका। उनका त्याग और समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

व्यापारी समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान और सेवाओं को देखते हुए द ट्रेडर्स एसोसिएशन ने सुनील अग्रवाल को ‘व्यापारी सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के महासचिव दीपक सिंघल, कोषाध्यक्ष मुकेश उपाध्याय, अनुराग सिंघल, अंकित गोयल, रोहित अग्रवाल, कान्हा अग्रवाल, सुनील सोनी, गौरांग सिंघल, रितेश अग्रवाल, राजन गौतम, पवन ठाकुर, राजेंद्र अग्रवाल, संजय चतुर्वेदी, मयंक अग्रवाल, दिलीप गर्ग, रोहित महावन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *