— के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर, 01 जुलाई। शासन के निर्देशानुसार जनपद में 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक “मिशन : सेफ फ्यूचर” अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सभी स्कूली वाहनों की शत-प्रतिशत फिटनेस, वैध परमिट तथा परिवहन सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) प्रियंवदा सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत परिवहन विभाग की प्रशासन एवं प्रवर्तन शाखा संयुक्त रूप से व्यापक स्तर पर कार्रवाई करेगी। पहले चरण में स्कूल प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को नोटिस, व्यक्तिगत संपर्क तथा फोन के माध्यम से सचेत किया जाएगा कि वे 7 जुलाई तक सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस कराकर उन्हें वैध परमिट से आच्छादित कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अभिभावकों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे अपने बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा, फिटनेस और अन्य मानकों की जानकारी लेकर सतर्क रहें।
एआरटीओ ने बताया कि 1 से 7 जुलाई तक नोटिस, बैठक, जागरूकता अभियान और वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद 8 से 15 जुलाई तक पुलिस, यातायात पुलिस और शिक्षा विभाग के समन्वय से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर बिना फिटनेस, बिना परमिट तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान स्कूलों के स्वामित्व वाले वाहनों के साथ-साथ निजी वाहनों की भी गहन जांच होगी। बिना परमिट, बिना फिटनेस अथवा असुरक्षित पाए जाने वाले वाहनों का चालान कर उन्हें निरुद्ध किया जाएगा। ऐसे वाहनों को तब तक मुक्त नहीं किया जाएगा, जब तक वे वैध फिटनेस एवं परमिट प्राप्त नहीं कर लेते।
प्रियंवदा सिंह ने यह भी बताया कि जिन स्कूलों द्वारा बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद बिना फिटनेस और बिना परमिट वाले वाहनों का संचालन जारी रखा जाएगा, उनकी सूची जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी, ताकि संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जा सके।