प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जनपद के उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण कराया गया। पांच बिन्दुओं के प्रकरण पर क्षेत्रीय प्रबन्धक, यूपीसीडा द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि सड़क निर्माण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है एवं विद्युत पोल को हटा दिया गया है।
अशीष कुमार निदेशक, मे0 श्री धनलक्ष्मी फूडस प्रा0लि0 के भूखण्ड संख्या-डी 4 के प्रकरण पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीसीडा पर नाराजगी व्यक्त की गयी एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिये गये कि इनका स्पष्टीकरण मांगते हुए वेतन रोकने की कार्यवाही की जाय।
मिनी औद्योगिक आस्थान सोरांव मे 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति के सम्बन्ध में निर्देश दिये गये कि मुख्यालय को बजट आवंटन हेतु पुनः पत्र प्रेषित किया जाय एवं मुख्य विकास अधिकारी महोदया को सड़क निर्माण एवं बाउण्ड्रीवाल निर्माण के सम्बन्ध में निरीक्षण हेतु निर्देशित किया गया तथा यूपीएसआईसी को कार्य पूर्ण न करने के सम्बन्ध में स्पष्टीकरण चाहते हुए निर्माणदायी संस्था को प्रतिबंधित करने हेतु निर्देशित किया गया।
ओ0डी0ओ0पी0 एम0डी0कए0 के अन्तर्गत पात्र हस्तशिल्पियों को समय से प्रतिपूर्ति करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक भी साथ में करायी गयी तथा उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया संयुक्त महानिदेशक विदेश व्यापार कर के तत्वाधान में एक कार्यशाला का आयोजन कराया जाय।
उमेश चन्द्र वर्मा, सहायक आयुक्त उद्योग द्वारा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष प्रयागराज विकास प्राधिकरण ऋषिराज एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह का बैठक में स्वागत करते हुए बैठक का संचालन किया गया।
बैठक में आर0एम0 यूपीसीडा (आनलाइन) अग्निशमन अधिकारी, उपश्रमायुक्त, जिला अग्रणी प्रबन्धक, सहायक आयुक्त उद्योग पंकज मौर्या, विद्युत नोडल एवं विद्युत अधिशासी अभियन्ता एवं औद्योगिक संगठन के पदाधिकारी डा0 जी0एस0 दरबारी, नटवर लाल, मुरारी लाल अग्रवाल, श्रीमती विभा मिश्रा, अनुराग मिश्रा उद्यमी एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा उद्यमीगण उपस्थित रहे।