रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा के अध्यक्ष विकास कुमार के मार्गदर्शन में आमजन को सूचित किया गया है कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह-2026 के अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

यह विशेष लोक अदालत सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होगी, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केंद्रों पर पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में जनपद न्यायाधीश के निर्देशानुसार शनिवार को मथुरा जनपद से संबंधित चिन्हित मामलों की सुनवाई के लिए गठित पीठों की ओर से सुलह बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों की अध्यक्षता अरविन्द कुमार, अपर जनपद न्यायाधीश एवं सुरेन्द्र प्रसाद, अपर जनपद न्यायाधीश ने पृथक-पृथक पीठों में की।
बैठकों में चिन्हित मामलों के पक्षकार उपस्थित हुए और आपसी सहमति से विवादों के समाधान के लिए विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पीठों के अन्य सदस्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा की सचिव श्रीमती अनीता सिंह भी मौजूद रहीं।
सचिव अनीता सिंह ने सभी संबंधित पक्षों से समाधान समारोह-2026 में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि आपसी संवाद और सहमति के माध्यम से विवादों का निस्तारण न्यायिक प्रक्रिया को सरल, त्वरित और प्रभावी बनाता है। उन्होंने पक्षकारों को विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान करने के लिए प्रेरित किया।