15 दिन से जला 25 केवीए ट्रांसफार्मर, बिजली संकट से जूझ रहे टिकरा के ग्रामीण; पावर हाउस पर किया प्रदर्शन।

Spread the love

मिश्रिख (सीतापुर)। तहसील मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम टिकरा, मजरा अकबरपुर में पिछले 15 दिनों से 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर जला होने के कारण पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। लगातार शिकायतों के बावजूद ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने मिश्रिख पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए वे पिछले 15 दिनों में दो बार लिखित शिकायत बिजली विभाग को दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। पेयजल व्यवस्था से लेकर घरेलू कार्यों तक हर क्षेत्र में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी देने के लिए जब उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और लाइनमैन को फोन किया जाता है तो कॉल रिसीव नहीं की जाती। वहीं, पावर हाउस पहुंचने पर भी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी उपलब्ध नहीं मिलते, जिससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, जले हुए 25 केवीए ट्रांसफार्मर से करीब 100 बिजली कनेक्शन जुड़े हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में परिवार पिछले 15 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि बिजली विभाग की उदासीनता के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ ही बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

प्रदर्शन में पंकज मौर्य, छत्रपाल मौर्य, जलालुद्दीन, अनीश, संतराम यादव, अंकित त्रिपाठी, मनोज तिवारी, लवकुश, रामरतन मौर्य, प्रमोद मौर्य, सर्वेश मौर्य, निजामुद्दीन, रणवीर सिंह, जयकरण मौर्य, मुकेश कुमार, विनोद कुमार, नासिर अली, संजय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *