पूर्व सैनिक ने जमीन कब्जाने की साजिश का लगाया आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग।

Spread the love

बस्ती। भारतीय नौसेना के पूर्व सैनिक एवं कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मानपुर उर्फ मितवापुर निवासी देवी प्रसाद तिवारी ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका जताते हुए जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, पुलिस के उच्चाधिकारियों तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और अपनी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

शिकायत में पूर्व सैनिक ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ वर्तमान में गाजियाबाद में रहते हैं। उनका आरोप है कि इसी का लाभ उठाकर उनके पट्टीदार त्रियुगी नारायण तिवारी उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। मानसिक दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके विरुद्ध कप्तानगंज थाने में एक मनगढ़ंत मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

देवी प्रसाद तिवारी के अनुसार, वह गाटा संख्या 349 के सह-खातेदार हैं, जबकि गाटा संख्या 351 त्रियुगी नारायण तिवारी के नाम दर्ज है। उनका आरोप है कि गाटा संख्या 349 की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से उनके विरुद्ध लगातार षड्यंत्र रचे जा रहे हैं।

पूर्व सैनिक ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, कथित फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा उनकी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *