विश्व आदिवासी दिवस पर गोंड महासभा का सम्मेलन 9 को: तैयारी बैठक में गूंजा जाति प्रमाण-पत्र का मुद्दा।

Spread the love

बस्ती। अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा की राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जनपद कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक  प्रेस क्लब सभागार में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामनाथ गोंड की अध्यक्षता एवं राष्ट्रीय महामंत्री ललित गोंड के संचालन में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी 9 अगस्त  को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित होने वाले विशाल सम्मेलन की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रामनाथ गोंड, डा. संजय गोड़ ने कहा कि तमाम शासनादेशों एवं पुष्ट साक्ष्यों के बावजूद उत्तर प्रदेश में गोंड जनजाति के लोगों को शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं तथा जाति प्रमाण-पत्र से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोंड समाज मूल रूप से आदिवासी समुदाय है और समाज के अधिकारों की पुनः पुष्टि तथा न्याय की मांग को लेकर 09 अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रदेश भर से लाखों की संख्या में गोंड समाज के लोग लखनऊ पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री तथा विशिष्ट प्रतिनिधि के रूप में उपमुख्यमंत्री के उपस्थित रहने की संभावना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कार्यक्रम में शामिल कराने का आह्वान करते हुए कहा कि गोंड समाज अपनी एकजुटता, संख्या बल एवं संगठन की ताकत का प्रदर्शन करेगा।

बैठक में समाज के संगठन को मजबूत बनाने, जनजागरण अभियान चलाने तथा समाज के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का भी संकल्प लिया गया।

तैयारी बैठक में वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नन्दलाल गोंड, काशी प्रसाद गोंड, जिलाध्यक्ष बलराम गोंड, गंगा प्रसाद गोंड, सालिकराम गोंड, गिरिजाशंकर गोंड, रामशंकर गोंड, अमित गोंड, दीपचंद गोंड, सुरेश चंद्र गोंड सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज की एकता एवं अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *