अहरौरा पुलिस ने शराब तस्करी का किया भंडाफोड़, 20 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार।

Spread the love

मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहरौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाई जा रही करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहनों को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) के नेतृत्व में थाना अहरौरा पुलिस ने 18 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर वनस्थली महाविद्यालय, ग्राम मानिकपुर के पास वाहन चेकिंग के दौरान टाटा सफारी (संख्या JH05AE6786) और स्कोडा कार (संख्या BR06DQ9078) को रोका। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही विभिन्न ब्रांडों की 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्य प्रताप शुक्ला निवासी गढ़वा (झारखंड), अनिल यादव निवासी अदलहाट, मीरजापुर तथा सत्यम कुमार निवासी गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।

बरामदगी के आधार पर थाना अहरौरा में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *