चुनार पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार; 9 चोरी की बाइक, 11 मोबाइल व तमंचा बरामद।

Spread the love

मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चुनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें, 11 मोबाइल फोन तथा एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा तथा क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव के नेतृत्व में थाना चुनार पुलिस टीम ने 18 जुलाई 2026 को पूर्व में दर्ज वाहन चोरी के दो मुकदमों (मु.अ.सं. 304/2026 एवं 305/2026) का सफल अनावरण किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल बिंद (थाना पड़री, मीरजापुर), विकास बिंद (थाना अलीनगर, चंदौली), चंद्रमा उर्फ बाबू (थाना अदलहाट, मीरजापुर), गुलशन कुमार तथा लोकनाथ उर्फ लोकू (दोनों थाना अहरौरा, मीरजापुर) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों को थाना चुनार क्षेत्र के दीक्षितपुर स्थित एक चाय की दुकान के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें तत्काल बरामद की गईं। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई अन्य सात मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। इस प्रकार कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन तथा मुख्य आरोपी विशाल बिंद के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

बरामदगी के आधार पर थाना चुनार में आर्म्स एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *