बलदेव में घर के भीतर निकला संदिग्ध विषैला जीव, दहशत में आए मोहल्ले के लोग।

Spread the love

बलदेव (मथुरा)। कस्बा बलदेव के पथवारी गली स्थित एक रिहायशी मकान में रविवार सुबह संदिग्ध विषैले जीव के निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जीव के दिखाई देने से घर के सदस्य और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना पर स्थानीय सपेरे ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, पथवारी गली निवासी शिक्षाविद डॉ. जगदीश पाठक के आवास में एक कमरे की अलमारी के ऊपर करीब ढाई से तीन फीट लंबा काले-भूरे रंग का एक जीव दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह तेजी से रेंग रहा था। घर की महिलाओं ने उसे देखते ही शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोग इस जीव को “विशख परिया” बता रहे थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आवास स्वामी मदन मोहन पाठक ने बताया कि कमरे से तेज आवाजें आने पर जब उन्होंने जाकर देखा तो अलमारी के ऊपर एक डरावना जीव दिखाई दिया। परिजन घबरा गए और गांव बंदी निवासी सपेरे जितेंद्र को बुलाया गया। सपेरे ने काफी प्रयास के बाद जीव को सुरक्षित पकड़ लिया।

घटना के बाद परिवार के सदस्यों, विशेषकर बच्चों में भय का माहौल है। स्थानीय निवासी कन्हैया पांडे, श्याम सुंदर पाठक, सुजीत वर्मा, नवीन वर्मा और सोनू भैया सहित अन्य लोगों ने नगर पंचायत और वन विभाग से क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर ऐसे जीवों को पकड़ने की मांग की है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में सांप और अन्य विषैले जीव अपने बिलों से बाहर निकलकर रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में लोगों को घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, झाड़ियों को हटाने तथा रात के समय टॉर्च का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *