•असली बाइक कभी मथुरा से बाहर नहीं गई, फर्जी नंबर प्लेट से अपराध में दुरुपयोग की आशंका
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद के एक पत्रकार की मोटरसाइकिल के पंजीकरण नंबर का कथित रूप से फर्जी इस्तेमाल कर हरियाणा में ई-चालान काटे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
मथुरा निवासी एवं दैनिक हिंदी जिलानज़र समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ राहुल गौड़ के अनुसार, उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या UP 85 BA 2595) के नाम पर 19 फरवरी 2025 को पलवल (हरियाणा) में ₹1,000 का ई-चालान दर्ज हुआ। जब उन्होंने ई-चालान की तस्वीर देखी तो पता चला कि चालान में दिखाई गई बाइक उनकी नहीं है।
उन्होंने बताया कि चालान में दिख रही बाइक पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं लगी है, जबकि उनकी मोटरसाइकिल पर वैध HSRP लगी हुई है। इसके अलावा चालान वाली बाइक का रंग ब्लैक-रेड है, जबकि उनकी बाइक ब्लैक-ब्लू रंग की है। तस्वीर में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्ति भी उनके परिचित नहीं हैं।
राहुल गौड़ का कहना है कि उनकी बाइक कभी मथुरा से बाहर नहीं गई, इसलिए उसका पलवल में होना संभव नहीं है। उनका आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी वाहन संख्या की फर्जी नंबर प्लेट बनाकर उसका अवैध उपयोग किया है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि इसी नंबर प्लेट का उपयोग किसी दुर्घटना, अपराध या अन्य गैरकानूनी गतिविधि में किया गया तो उन्हें अनावश्यक कानूनी, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पीड़ित ने एसएसपी से मांग की है कि अज्ञात आरोपी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही पलवल ट्रैफिक पुलिस से ई-चालान की मूल फोटो एवं वीडियो मंगाकर आरोपी की पहचान की जाए, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा जांच में उनकी बेगुनाही सिद्ध होने पर ई-चालान निरस्त कर उन्हें विधिक संरक्षण प्रदान किया जाए।







