रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज, मिर्जापुर में गुरुवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से दीक्षा आरंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह ने की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होने तथा संयमित एवं सदाचारपूर्ण जीवनशैली अपनाकर शिक्षा अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है, जिसका सदुपयोग कर छात्र-छात्राएं अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकते हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. आत्रेयी आद्या चटर्जी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विषय संबंधी आवश्यक जानकारी दी तथा नियमित रूप से निर्धारित ड्रेस पहनकर महाविद्यालय आने की सलाह दी। डॉ. ध्रुव जी पांडे ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के अधिकार एवं उसके महत्व के प्रति जागरूक किया।
वहीं डॉ. शशिधर शुक्ला ने विद्यार्थियों से महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करने तथा मर्यादित एवं अनुशासित वातावरण में शिक्षा ग्रहण करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों ने बीए प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) के पाठ्यक्रम की रूपरेखा विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत करते हुए उन्हें अध्ययन पद्धति, विषय चयन एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। दीक्षा आरंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों से परिचित कराना रहा।


