रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार से तीन दिवसीय ब्रज दौरे पर हैं। वह रविवार तक मथुरा-वृंदावन में रहेंगे। इस दौरान वह बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर, राधारमण मंदिर, निधिवन, सेवाकुंज समेत कई प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
आज शनिवार को उनके कार्यक्रम की शुरुआत राधाकृष्ण मिशन अस्पताल के दौरे से होगी। यहां वह करीब एक घंटे रहेंगे। इसके बाद रुक्मिणी विहार स्थित सिग्नेचर वृंदावन धाम का उद्घाटन करेंगे। शाम को रामकथा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद इस्कॉन मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे।
रविवार को दौरे के अंतिम दिन पूर्व राष्ट्रपति ज्ञान गुदड़ी स्थित वैजयंती आश्रम पहुंचेंगे, जहां कथा वाचक पुंडरीक गोस्वामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राधारमण मंदिर, निधिवन और सेवाकुंज के दर्शन करेंगे। शाम को वह वृंदावन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पूर्व राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रमुख मंदिरों, कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।


