•ओवरलोडिंग, अनफिट बसों, गलत नंबर प्लेट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में चल रहा चार दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान ‘मिशन आरोही’ अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। अभियान के दूसरे दिन परिवहन विभाग की टीमों ने अवैध संचालन, बिना टैक्स, ओवरलोडिंग, अनफिट वाहनों, गलत नंबर प्लेट समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन कार्रवाई की।
एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के नेतृत्व में एआरटीओ सत्येंद्र सिंह और यात्री कर अधिकारी पूजा सिंह ने बीते 6 अगस्त को विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना वैध प्रपत्र, अनफिट स्लीपर बसों, बिना एचएसआरपी अथवा विकृत नंबर प्लेट तथा गंभीर ओवरलोडिंग में पाए गए 20 वाहनों को सीज कर स्थानीय थानों में निरुद्ध कराया गया।
वहीं बकाया कर, निजी वाहनों के अनाधिकृत व्यावसायिक उपयोग, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 76 वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि ‘मिशन आरोही’ का उद्देश्य महज चालान और वाहनों की जब्ती की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रभावी प्रवर्तन के जरिए अनफिट एवं अवैध वाहनों के संचालन पर रोक लगाना है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यात्रियों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना और बकाया राजस्व की वसूली में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में कम से कम 30 प्रतिशत वृद्धि हासिल करना अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
उन्होंने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की कि वाहन के फिटनेस, परमिट, बीमा, टैक्स और एचएसआरपी समेत सभी वैध दस्तावेज पूरे रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को अभियान का अंतिम दिन:
‘मिशन आरोही’ के तहत 8 अगस्त तक अभियान जारी रहेगा। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम दिन भी बिना किसी ढिलाई के सघन चेकिंग की जाएगी और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों एवं स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।


