बस्ती। छावनी थाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी कर उनमें लगे नंबर और ट्रांजैक्शन पासवर्ड का इस्तेमाल करते हुए एटीएम मशीन पर क्यूआर कोड स्कैन कर पैसे निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो बालिग आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 460 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई थाना छावनी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 174/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित वांछित आरोपियों के खिलाफ की। पुलिस ने अर्जुन उर्फ दिनेश (23) पुत्र बब्लू निषाद और राजकुमार (19) पुत्र तुलसीराम, दोनों निवासी नेतौरी थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा तथा एक बाल अपचारी को 20 अगस्त को रामजानकी रोड स्थित रामरेखा मंदिर पुलिया के पास से दोपहर करीब 1:33 बजे गिरफ्तार किया।
ऐसे करते थे वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऐसे लोगों की रेकी करते थे, जिनके पास महंगे मोबाइल फोन और बैंक खाते में पर्याप्त धनराशि होती थी। जब संबंधित व्यक्ति अपना मोबाइल घर या दुकान पर छोड़कर बाहर चला जाता था, उसी दौरान आरोपी मोबाइल चोरी कर लेते थे।
आरोपियों के अनुसार, चोरी किए गए मोबाइल में लगे सिम नंबर से जुड़े ट्रांजैक्शन पासवर्ड का इस्तेमाल कर वे बाल अपचारी की मदद से पासवर्ड हासिल करते थे। इसके बाद किसी एटीएम मशीन पर क्यूआर कोड स्कैन कर खाते से रकम निकाल लेते थे। निकाली गई रकम को आपस में बांटकर ऐशो-आराम और अपनी पसंद का सामान खरीदने में खर्च करते थे।
पुलिस के अनुसार, बरामद छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन विक्रमजोत, पचवस और अन्य स्थानों से चोरी किए गए थे। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने के समय भी मोबाइल चोरी की फिराक में थे।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार प्रजापति, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, कांस्टेबल शिल्लू जायसवाल और कांस्टेबल राजीव रंजन थाना छावनी शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।


