रिपोर्ट: विजय नागपाल।
गोवर्धन, मथुरा। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर सोमवार को श्री गिर्राज नर्सिंग होम, गोवर्धन के तत्वावधान में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव शर्मा एवं डॉ. त्रिवेणी शर्मा ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कुल 125 मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। मरीजों को आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं तथा जरूरी जांचें भी बिना किसी शुल्क के की गईं।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में क्षेत्रवासियों की अच्छी भागीदारी रही। इस अवसर पर नर्सिंग होम का स्टाफ, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


