रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के संस्थापक श्याम शर्मा के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मथुरा-वृंदावन विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से उनके निज निवास राधा वैली पर मुलाकात की। समिति पदाधिकारियों ने उन्हें आगामी 23 सितंबर 2026 को अंगूरी वाटिका, डीग गेट से निकाली जाने वाली श्री वामन भगवान की भव्य शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
समिति संस्थापक श्याम शर्मा ने विधायक को शोभायात्रा का निमंत्रण पत्र भेंट करते हुए बताया कि श्री वामन भगवान महोत्सव समिति द्वारा सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से प्रतिवर्ष शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
विधायक श्रीकांत शर्मा ने समिति के पदाधिकारियों का दुपट्टा पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने शोभायात्रा के आयोजन के लिए समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी गौरवशाली सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और धार्मिक चेतना को भी मजबूती मिलती है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा में विभिन्न धार्मिक झांकियां, बैंड एवं अन्य आकर्षण शामिल रहेंगे। शोभायात्रा को लेकर समिति द्वारा संत-महंतों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जा रहा है।
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष आशीष शर्मा,अजय शर्मा लाला सदस्य नरेश शर्मा ‘बब्बू गुड्डा पंडित कपिल पटेल, पूजा चौधरी,रवि सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


