•पुलिस ने शुरू कराई खोदाई, शुरुआती जांच में अंदर कुछ मिलने की पुष्टि नहीं।
सुल्तानपुर। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह गन्ने के खेत में दो संदिग्ध कब्रनुमा मिट्टी के ढेर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों स्थान गणेशपुर-कैथौली और अजीतपुर बॉर्डर के समीप महादेवपुर निवासी बबलू वर्मा के खेत में पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों संदिग्ध स्थानों की खोदाई शुरू कराई।
बताया जाता है कि शनिवार शाम कुछ ग्रामीण खेत में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गन्ने के बीच बने दो मिट्टी के ढेरों पर पड़ी। रविवार सुबह खेत की सफाई कर रहे मजदूरों ने भी इन ढेरों को देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों स्थानों की खोदाई शुरू कराई। मामले को लेकर आसपास के ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। थानाध्यक्ष ने बताया कि खेत में दो स्थानों पर संदिग्ध मिट्टी के ढेर मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। खोदाई और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक जांच में दोनों स्थानों के अंदर किसी वस्तु या शव के होने की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


