•शिक्षक सम्मान समारोह में बोले वक्ता—विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बलदेव। विकासखंड बलदेव के सभागार में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड बलदेव के 101 उत्कृष्ट शिक्षकों, शिक्षिकाओं, अनुदेशकों और शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी, ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर, खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुकुलकांत उपाध्याय ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के पास जाकर उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान ज्ञान और संस्कार की परंपरा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें बेहतर नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खंड विकास अधिकारी नेहा रावत ने कहा कि मनुष्य को जीवन में अनुशासन, नैतिकता और सही राह दिखाने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वहीं भाजपा जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों का व्यक्तित्व और भविष्य आकार लेता है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुकुलकांत उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सभी आगंतुक अतिथियों का ब्लॉक अध्यक्ष योगेश चौधरी एवं उनकी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत और सम्मान किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय शर्मा, मंत्री मनोज चौधरी, संयुक्त मंत्री अनुपम शर्मा, अविनाश शुक्ला, अनीता चौधरी, एआरपी गीता रावत, खुशबू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश अग्रवाल और गौरी शंकर ने किया।


