बस्ती। वाल्टरगंज के तत्कालीन थानाध्यक्ष स्वर्गीय सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले में बस्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन चौधरी तथा विजय प्रकाश शामिल हैं। इनके कब्जे से एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देशन में हुई जांच में सामने आया कि आरोपित महिला कथित रूप से लोगों को अपने जाल में फंसाकर वीडियो कॉल, चैटिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से ब्लैकमेल कर धन उगाही करती थी। जांच में यह भी पाया गया कि उसके पिता और एक सहयोगी इस कथित गिरोह की गतिविधियों में सहयोग करते थे।
पुलिस के अनुसार अब तक चार लोगों से लाखों रुपये की उगाही के तथ्य सामने आए हैं, जबकि अन्य मामलों की जांच जारी है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि मृतक थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह पर भी लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी मामले में दर्ज मुकदमे के तहत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


