•आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश
प्रयागराज। सोरांव थाना क्षेत्र में में एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोपियों ने 90 दिन या चार महीने में रुपये दोगुने करने का झांसा दिया था। पीड़ित की शिकायत पर सोरांव थाना पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि एक गिरोह शेयर मार्केटिंग ग्रुप कंपनी के नाम पर लोगों से रकम निवेश करवा रहा था।
पुलिस कमिश्नर प्रयागराज और पुलिस उपायुक्त गंगानगर के आदेश पर सोरांव के उदयचंदपुर निवासी सूर्यकुमार मौर्य, सरिता मौर्य, शिव बाबू मौर्य, शिवलोचन मौर्य, प्रियांशु मौर्य, विकास पटेल, मनीष पटेल और अंशुमान मौर्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार होलागढ़ थाना क्षेत्र के सराय नंदन उर्फ समसपुर गांव निवासी राहुल कुमार ने सोरांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई है कि करीब डेढ़ साल पहले सूर्यकुमार मौर्य ने उसे बताया था कि वे एक मनीष पटेल के घर में ऑफिस चलाते हैं। आरोपियों ने दावा किया कि वे शेयर मार्केटिंग ग्रुप कंपनी 7123 बाजीगर चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी में पैसा लगाने पर 90 दिन या चार महीने में रकम दोगुनी हो जाती है।
पीड़ित राहुल के अनुसार, आरोपियों ने कई लोगों की रकम दोगुनी करके वापस करने का दावा भी किया था। उनके झांसे में आकर राहुल ने कई किस्तों में कुल 30 लाख रुपये दिए। इसमें 18 लाख रुपये नकद और 12 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए बैंक खाते में भेजे गए थे। आरोपियों ने एक हफ्ते में रकम दोगुनी होने का सबूत देने का भरोसा दिया था।
आरोप है कि एक हफ्ते बाद जब राहुल ने सबूत मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। कुछ दिन बाद उन्होंने समय पूरा होने का बहाना बनाकर रकम लौटाने से मना कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर उसे गुमराह किया। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।


