₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल किए जाने पर जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा धन्यवाद ज्ञापन
के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने पर जनपद के कोटेदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस संबंध में जिलाध्यक्ष कोटेदार संघ दीप नारायण राय के नेतृत्व में उचित दर विक्रेताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल किया गया है। इससे कोटेदारों को ₹35 प्रति क्विंटल अतिरिक्त लाभ मिलेगा। कोटेदार संघ ने इस निर्णय को उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों को मजबूत करने वाला कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कोटेदारों ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में उचित दर विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में लाभांश में वृद्धि सरकार की ओर से उनके सेवा कार्य के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान को दर्शाती है।
ज्ञापन के माध्यम से खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया। कोटेदारों ने कहा कि मंत्री ने उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और हितों को गंभीरता से लेते हुए लाभांश में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए तथा उनकी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा।
कोटेदार संघ ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और खाद्य एवं रसद मंत्री के मार्गदर्शन में भविष्य में भी उचित दर विक्रेताओं के हित में सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, पूर्ति निरीक्षक खलीलाबाद अभय नारायण सहित जनपद के विभिन्न उचित दर विक्रेता एवं कोटेदार मौजूद रहे।


