रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख, सीतापुर। मिश्रिख कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में काफी समय से एयरटेल दूरसंचार कंपनी की नेटवर्क व्यवस्था खराब होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि मोबाइल पर किसी तरह कॉल तो कनेक्ट हो जाती है, लेकिन बातचीत के दौरान बार-बार आवाज कटने और नेटवर्क बाधित होने के कारण ठीक से वार्ता तक नहीं हो पाती।
उपभोक्ताओं के मुताबिक क्षेत्र में एयरटेल के 4G और 5G नेटवर्क की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। मिश्रिख नगर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में एयरटेल के बड़ी संख्या में उपभोक्ता हैं, जो नेटवर्क समस्या से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि वे मोबाइल सेवाओं के लिए 399 रुपये का 28 दिन का रिचार्ज कराते हैं, लेकिन नेटवर्क की खराब स्थिति के चलते इंटरनेट सेवा का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। उनका आरोप है कि लगातार खराब नेटवर्क के कारण उनका रिचार्ज शुल्क प्रभावी रूप से बेकार चला जाता है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि नेटवर्क समस्या को लेकर वे एयरटेल के कस्टमर केयर सहित संबंधित माध्यमों पर कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों एवं कंपनी प्रबंधन से मिश्रिख क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था की तकनीकी जांच कराकर 4G और 5G सेवाओं को सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को अपने भुगतान के अनुरूप बेहतर दूरसंचार और इंटरनेट सुविधा मिल सके।


