रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख, सीतापुर। बारिश के मौसम के बीच मिश्रिख स्थित पवित्र दधीचि कुंड के पानी में गंदगी और प्रदूषण बढ़ने से स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि कुंड का पानी लगातार दूषित हो रहा है, जिससे कभी भी मछलियों के मरने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पालिका प्रशासन की ओर से फिलहाल कुंड के पानी को स्वच्छ रखने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी में दवा का छिड़काव और आवश्यक सफाई करा दी जाए तो मछलियों के मरने जैसी स्थिति को टाला जा सकता है।
दधीचि कुंड धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं और कुंड में मार्जन एवं धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। ऐसे में पानी की वर्तमान स्थिति श्रद्धालुओं के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कुंड का पानी इतना दूषित हो गया है कि वह धार्मिक उपयोग के योग्य नहीं रह गया है।
जनता ने जिलाधिकारी सीतापुर का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराते हुए कुंड में तत्काल दवा का छिड़काव, साफ-सफाई एवं पानी की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही मछलियों को सुरक्षित रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन यदि मछलियों के मरने का इंतजार करने के बजाय पहले से सक्रिय हो जाए, तो स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता है।


