फतेहपुर। दिल्ली में महिला पत्रकार के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट की घटना को लेकर पत्रकारों में आक्रोश है। घटना के विरोध में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश त्रिवेदी के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय प्रेस परिषद, नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव मो. रशीद, प्रदेश उपाध्यक्ष निहाल सिंह जेम्स, बाराबंकी संयोजक अजय मिश्रा सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
इसी क्रम में दो दिन पूर्व फतेहपुर जिले में मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन की बैठक जिलाध्यक्ष खलीक अहमद जाफरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश सचिव मो. रशीद ने कहा कि एक ओर सरकार ‘बेटी बचाओ’ का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा महिला पत्रकार के साथ मारपीट की घटना सामने आ रही है। सरकार को ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष निहाल सिंह जेम्स ने कहा कि महिला संरक्षण के लिए सरकार की पहल सराहनीय है, लेकिन महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट जैसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसी घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जाना चाहिए।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार निर्मल सिंह यादव, मैशर अब्बास, रोहित कुमार श्रीवास्तव, मो. सैफ, दिनेश श्रीवास्तव, वशीम शाह राजू, अमित कुमार सिंह, नुरुल हक, सुरेश चंद्र, मो. अनीश सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।


