रिपोर्ट: केके मिश्रा।
संत कबीर नगर। सोमवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति, जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति तथा विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त उद्योग ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना तथा एक जनपद एक व्यंजन वित्त पोषण योजना की प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक, एसबीआई तथा उपायुक्त उद्योग को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बैंकों में लंबित आवेदन पत्रों का नियमित फॉलोअप करने तथा स्वीकृति और ऋण वितरण के स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने को कहा, ताकि सीएम डैशबोर्ड की प्रगति में सुधार हो सके।
जीबीसी-5.0 के लिए 2000 करोड़ के निवेश लक्ष्य पर जोर
बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत प्राप्त एमओयू तथा जीबीसी-5.0 के लिए तैयार प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जीबीसी-5.0 का आयोजन नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है और जनपद को 2000 करोड़ रुपये का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अधिक से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित कराने तथा निर्धारित निवेश लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, संत कबीर नगर के अध्यक्ष अरविंद पाठक ने औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में श्रमिकों के लिए डिस्पेंसरी/अस्पताल संचालन का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रकरण पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, उपायुक्त राज्य कर राजेश कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र गौतम, सहायक आयुक्त राज्य कर धम्म प्रिय, लीड बैंक मैनेजर पवन कुमार सिन्हा, जिला कृषि अधिकारी सर्वेश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसके तिवारी, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, जिला बाट-माप अधिकारी बीपी वर्मा, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अरविंद पाठक, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, अधिकारी, उद्यमी और व्यापारी मौजूद रहे।

