बस्ती। राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के अमर गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर को सुबह 11 बजे देशभर के 25 हजार से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे। एक ही समय में हजारों शिक्षण संस्थानों से उठने वाला राष्ट्रगीत का स्वर देश की एकता और सांस्कृतिक एकात्मता का संदेश देगा।
नई पीढ़ी को इतिहास और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ना उद्देश्य
विद्या भारती की इस पहल का उद्देश्य केवल सामूहिक गायन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर एवं सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से देश के विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक सहभागिता के केंद्रों को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय समाज के नागरिक सहभागी होंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ को केवल एक गीत के रूप में जानने के बजाय उसके पीछे निहित स्वतंत्रता, आत्मसम्मान, मातृभूमि-प्रेम, त्याग, एकता और राष्ट्रीय चेतना के इतिहास को समझने का अवसर देना है। यह मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का राष्ट्रव्यापी जन-सहभागिता अभियान है।
विविधता में एकता का संदेश देगा आयोजन
गोविन्द सिंह ने बताया कि देश के हजारों संस्थानों में एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का स्वर गूंजना भारत की भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के बीच विद्यमान एकात्मता का प्रतीक बनेगा। आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास होगा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता में भी निहित है।
उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड प्रमाणित करने वाली एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने ‘नमामि भारतम्’ के तहत सर्वाधिक विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय द्वारा एक साथ ‘वंदे मातरम्’ गायन को प्रमाणीकरण के लिए सूचीबद्ध किया है। दोनों संस्थाओं की ओर से इस उपलब्धि के लिए विद्या भारती के विद्यालयों को बधाई भी दी गई है।


