रिपोर्ट: राहुल मिश्रा
मिश्रिख, सीतापुर। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई है। आए दिन हो रही अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि बिजली कटौती की जानकारी लेने या समस्या की शिकायत करने के लिए जब उपभोक्ता पावर हाउस पर फोन करते हैं तो जिम्मेदार अधिकारी फोन रिसीव नहीं करते।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिश्रिख पावर हाउस में तैनात जेई संतोष से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं की जाती। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को समस्या का समाधान कराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार इस समय लगभग हर घंटे बिजली कटौती होने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। बारिश के मौसम में बिजली की लगातार आवाजाही ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उन्हें यह तक पता नहीं चल पाता कि आपूर्ति कब बहाल होगी।
वहीं, प्रदेश सरकार की ओर से अधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं के फोन न उठाए जाने के आरोपों से लोगों में नाराजगी है।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर मिश्रिख क्षेत्र की चरमराई बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा बार-बार हो रही बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।


