•प्रदेश महामंत्री दिलीप सेठ का व्यापारियों ने किया स्वागत, बोले- शुल्क वापस न हुआ तो आंदोलन
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री दिलीप सेठ के औरैया पहुंचने पर रविवार को व्यापारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। संजय गेट के समीप न्यू शुक्ला रेडियो एवं टीवी सेंटर पर जिला अध्यक्ष राजेश बाजपेई ‘बबलू’ के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री दिलीप सेठ ने यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर शुल्क लगाए जाने को व्यापारिक हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि व्यापारी पहले से ही ऑनलाइन कंपनियों और बड़े शॉपिंग मॉल के बढ़ते कारोबार से चुनौती का सामना कर रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक देश, एक टैक्स की बात करती है, लेकिन अलग-अलग प्रकार के शुल्क लगाए जा रहे हैं। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यूपीआई पर एमडीआर शुल्क वापस लिया जाना चाहिए।
दिलीप सेठ ने बताया कि 7 अक्टूबर को इटावा में यूपीआई पर एमडीआर शुल्क के विरोध में 400 पदाधिकारियों की मौजूदगी में विशाल सभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने शुल्क वापस नहीं लिया तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर स्वतंत्र अग्रवाल, रामकुमार विश्नोई, रविशंकर शुक्ला, मलखान वर्मा, सतीश वर्मा, अमर बिश्नोई, रानू अवस्थी, दीपक अग्रवाल, मयंक शुक्ला एडवोकेट, केके चतुर्वेदी, रानू पांडे, दीपक पुरवार, रितेश गुप्ता, भानु राजपूत, अवधेश तिवारी, रजत पांडे, नैनी वर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


