मथुरा। श्री वामन भगवान महोत्सव समिति एवं नारायण दास धर्मशाला ट्रस्ट, गोपाल मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में जयसिंहपुर स्थित गायत्री तपोभूमि के सामने नारायण दास धर्मशाला ट्रस्ट, गोपाल मंदिर में भव्य भजन संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और भगवान वामन की महिमा के गुणगान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे और भगवान वामन के जयकारों से आयोजन स्थल गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक श्याम शर्मा, मुख्य संरक्षक रामगोपाल शर्मा, संरक्षक संजय शर्मा पिपरोनिया, कार्यक्रम संयोजक मनीष अग्रवाल एवं दीपक सिंघल, कार्यकारी अध्यक्ष संजय हरियाणा तथा उपाध्यक्ष विजय शर्मा, आशीष शर्मा, अजय शर्मा एवं कुलदीप ने दीप प्रज्वलित कर किया।
संस्थापक श्याम शर्मा ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति की परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। भगवान वामन का चरित्र धर्म, सत्य, मर्यादा और त्याग का संदेश देता है। समिति का प्रयास रहेगा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को और मजबूत किया जाए।
मुख्य संरक्षक रामगोपाल शर्मा ने कहा कि भक्ति और संस्कृति से जुड़े आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। भगवान वामन की लीलाएं हमें धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आयोजनों में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सनातन संस्कृति की मजबूती का प्रतीक है।
संरक्षक संजय शर्मा पिपरोनिया ने कहा कि किसी भी धार्मिक आयोजन की सफलता सामूहिक सहयोग और सहभागिता से संभव होती है। समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाजसेवा के कार्यों को भी निरंतर आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम संयोजक मनीष अग्रवाल ने कहा कि भजन संध्या केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि मन को भगवान की भक्ति से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया।
कार्यकारी अध्यक्ष संजय हरियाणा ने कहा कि समिति का उद्देश्य भगवान वामन की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में धार्मिक चेतना एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
इस अवसर पर संरक्षक घनश्याम हरियाणा, चंद लाल शर्मा (गुरुजी), गजेंद्र शर्मा, राजेंद्र बंसल (भगत जी), सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, चेतन स्वरूप पाराशर, योगेश द्विवेदी, पत्रकार नरेंद्र भारद्वाज, अजय शर्मा, सेवायत राजू पंडित, संरक्षक आनंद बल्लभ गोस्वामी, अजय शर्मा लाला, ज्ञानेंद्र दीक्षित, अर्जुन पंडित, आचार्य निर्मल, सर्वेश चतुर्वेदी, राकेश पाठक, डॉ. जमुना शर्मा, डॉ. उमा शर्मा, राहुल शर्मा, मनु ऋषि त्रिवेदी, दाऊ दयाल पंडा, हरि वर्षा कौशल, विनीत द्विवेदी, रुचि द्विवेदी, अनीता हरियाणा, कल्पना सारस्वत, शशि शर्मा, मीना, मनीष शर्मा, युगल लवानिया, नारायण शर्मा, दिवाकर आचार्य, मुकुंद पंडा, उषा सोलंकी, ममता भारद्वाज, अशोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।


