केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे सोशल ऑडिट अभियान के तहत विकासखंड बघौली की ग्राम पंचायत माधोपुर में सोशल ऑडिट टीम ने ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया। सोशल ऑडिट टीम के बीआरपी संतोष पांडेय ने विगत वित्तीय वर्ष में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
खेत से खलिहान तक हुआ विकास कार्यों का सत्यापन
सोशल ऑडिट टीम ने मनरेगा, ग्राम पंचायत निधि, 15वें वित्त आयोग एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए गए कार्यों की जांच की। टीम ने नाली, खड़ंजा, पंचायत भवन की मरम्मत, हैंडपंप रिबोर, विद्यालय की बाउंड्रीवाल सहित अन्य कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। इसके साथ ही आवास योजना के लाभार्थियों के घरों का भी मौके पर जाकर सत्यापन किया गया। कार्यों से संबंधित माप पुस्तिका एवं भुगतान अभिलेखों का भी मिलान किया गया।
पंचायत भवन में हुई खुली बैठक, अभिलेखों की जांच
स्थलीय सत्यापन के बाद ग्राम पंचायत भवन परिसर में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीआरपी संतोष पांडेय ने ग्राम पंचायत में संचालित योजनाओं एवं कराए गए कार्यों का बिंदुवार विवरण ग्रामीणों के समक्ष रखा और उनसे फीडबैक लिया।
इस दौरान जॉब कार्ड, मस्टर रोल, कार्ययोजना रजिस्टर, आय-व्यय पंजिका, स्टॉक रजिस्टर सहित ग्राम पंचायत से संबंधित विभिन्न अभिलेख मौके पर उपलब्ध पाए गए। अभिलेखों के निरीक्षण के बाद सोशल ऑडिट टीम ने संतोष व्यक्त किया।
बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में कराए गए कार्य उपयोगी हैं और निर्धारित समय में पूरे किए गए हैं। इस दौरान कई ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना भी की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम पंचायत सदस्यगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहू सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सोशल ऑडिट की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
सोशल ऑडिट का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने, विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने लाने तथा सरकारी धन के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करना है। माधोपुर ग्राम पंचायत में आयोजित खुली बैठक को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


