•30वीं बार रक्तदान करने वाले वंशबहादुर सिंह और 24वीं बार रक्तदान करने वाले अभिषेक त्रिपाठी की सराहना।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अनुज मलिक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद स्थित ब्लड बैंक पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदाताओं के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान रक्त के सुरक्षित भंडारण, रेफ्रिजरेशन सिस्टम, साफ-सफाई तथा उपलब्ध ब्लड यूनिट्स की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ब्लड बैंक प्रभारी को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी ब्लड ग्रुप के रक्त का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित रखा जाए। साथ ही रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी को जानकारी दी गई कि स्वैच्छिक रक्तदाता वंशबहादुर सिंह ने 30वीं बार तथा अभिषेक त्रिपाठी ने 24वीं बार रक्तदान किया। जिलाधिकारी ने दोनों रक्तदाताओं सहित अन्य स्वैच्छिक रक्तदाताओं के योगदान की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर ब्लड बैंक प्रभारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


