रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मथुरा रिफाइनरी द्वारा भी स्वच्छता, सामुदायिक सहभागिता एवं श्रमदान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान पहल के अंतर्गत मथुरा रिफाइनरी ने भी सामूहिक सहभागिता के साथ स्वच्छता अभियान में योगदान दिया। इस अवसर पर नगर प्लाजा, एमआर नगर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई। मथुरा रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री मुकुल अग्रवाल ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता शपथ दिलाई तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात नगर प्लाजा एवं आसपास के क्षेत्र में श्रमदान गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें सभी ने मिलकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर श्री मुकुल अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या विशेष दिवस तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे हमारी दैनिक आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सभी से स्वच्छता के प्रति निरंतर सजग रहने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देने का आह्वान किया।
मथुरा रिफाइनरी द्वारा आयोजित यह पहल स्वच्छता ही सेवा की भावना को साकार करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही।


