•कबीर के विचारों को आत्मसात कर सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ाने का दिया संदेश।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने संत कबीर महापरिनिर्वाण स्थली मगहर पहुंचकर संत कबीर दास जी के समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने संत कबीर की मजार पर चादर चढ़ाई और जनपद के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के साथ सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने जनपद की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए संत कबीर की निर्वाण स्थली परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपने विचारों के माध्यम से समाज में व्याप्त छुआछूत, ऊंच-नीच और पाखंड जैसी कुरीतियों का विरोध करते हुए मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संत कबीर के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उनके संदेशों को आत्मसात कर समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने लोगों से संत कबीर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।


