सुलतानपुर। जिले की धम्मौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैस सिलेंडर डिलीवरी वैन के सेल्समैन से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने गैस सिलेंडर डिलीवरी वैन के सेल्समैन से 9100 रुपये नगद और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद धम्मौर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उघरपुर निवासी सत्येन्द्र प्रताप सिंह तथा बदौलिया निवासी विशद मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विशद मिश्रा के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। धम्मौर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से लूट की वारदात का पर्दाफाश हो गया और दोनों बदमाश सलाखों के पीछे पहुंच गए।