मनोज अग्रहरि
चुनार (मीरजापुर)। महर्षि ऋष्यशृंग सेवा संस्थान (पंजी.), नारायण गृहस्थ आश्रम, नारायण नगर पचराव की ओर से मीरजापुर के दो साहित्यकारों एवं दो वरिष्ठ पत्रकारों को ‘नारायण की कलम एवं गऊ माता सम्मान’ से सम्मानित किया गया। संस्थान के प्रबंधक इंजी. वीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ विचित्रानंद ने साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सलील पाण्डेय, भोलानाथ कुशवाहा, प्रभात मिश्रा एवं संजय मिश्रा को सम्मानित किया।
सम्मानित सलील पाण्डेय ने मीरजापुर के विभिन्न समाचार पत्रों में संपादकीय एवं चीफ ब्यूरो के पद पर कार्य किया है। वर्तमान में वह मां विंध्यवासिनी की कृपा से आध्यात्मिक एवं वैचारिक विषयों पर लेखन कर रहे हैं। प्रतिष्ठित ब्राह्मण परिवार में जन्मे सलील पाण्डेय के पिता डॉ. भवदेव पाण्डेय केबीपीजी कॉलेज में प्रवक्ता रहे तथा साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे।
सलील पाण्डेय ने ‘मर्द’ अखबार में प्रबंध संपादक, ‘पायनियर’ में जिला रिपोर्टर तथा वर्ष 1989 में ‘आज’ अखबार में चीफ ब्यूरो के रूप में कार्य किया। इसके अलावा ‘दैनिक जागरण’, ‘नवभारत टाइम्स’, ‘प्रभात खबर’ और ‘अमृत विचार’ सहित विभिन्न समाचार पत्रों में आध्यात्मिक एवं वैचारिक कॉलम लिखे हैं। उन्होंने कहा कि “लिखना मेरा नशा बन गया है।”
वहीं साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा का जन्म वर्ष 1950 में मीरजापुर सदर तहसील के राजपुर गांव में हुआ। उन्होंने हिंदी साहित्य की विभिन्न विधाओं में लेखन किया है। उनकी अब तक 13 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। कविता, गीत, नवगीत, मुक्तक, दोहा, गजल, कहानी, नाटक और लघुकथा सहित अनेक विधाओं में उन्होंने अपनी लेखनी चलाई है। प्रसिद्ध पत्रिका ‘सारिका’ में भी उनका लेखन प्रकाशित हो चुका है।
संस्थान की ओर से साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले इन सभी विभूतियों को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। नारायण गृहस्थ आश्रम के प्रबंधक ने कहा कि साहित्य और पत्रकारिता समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। ऐसे रचनाकारों एवं पत्रकारों का सम्मान करना संस्थान के लिए गौरव की बात है।


