नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत, 2027 में कांग्रेस की मजबूती का जताया भरोसा।
बस्ती। कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ का जनपद में आगमन पर हरैया विधानसभा क्षेत्र-307 के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधानसभा के प्रबल दावेदार कन्हैया यादव ने अपने समर्थकों एवं साथियों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान कन्हैया यादव ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को राजनीति में सम्मानजनक भागीदारी देने के साथ ही संगठन और सत्ता के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नेतृत्व का अवसर प्रदान किया है। आराधना मिश्रा ‘मोना’ का प्रदेश अध्यक्ष बनना भी कांग्रेस की इसी लोकतांत्रिक और समावेशी सोच का उदाहरण है।
कन्हैया यादव ने कहा कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अभूतपूर्व सफलता हासिल करेगी।
स्वागत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में उत्साह व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

