बीएसए कॉलेज मैदान में 13 से 15 अक्टूबर तक लगेगा तीन दिवसीय अग्रसेन मेला।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर श्री तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में बैठक आयोजित की गई। धर्मशाला के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों ने सर्वसम्मति से आठ दिवसीय जयंती महोत्सव को भव्य रूप से मनाने की रूपरेखा तय की।
धर्मशाला के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल मांट वाले एवं मंत्री कृष्ण मुरारी सर्राफ ‘नेताजी’ ने बताया कि जयंती महोत्सव का शुभारंभ 8 अक्टूबर को नर सेवा-नारायण सेवा के साथ होगा। 9 अक्टूबर को तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। 10 अक्टूबर को यमुना पार लक्ष्मी नगर स्थित अग्रसेन घाट पर दीपदान, रंगोली सजाओ-दीप जलाओ कार्यक्रम एवं भजन संध्या आयोजित होगी।
11 अक्टूबर को कलश यात्रा का अग्रसेन चौक पर स्वागत, पुष्पांजलि, होली गेट स्थित अग्रवाल धर्मशाला में ध्वजारोहण, हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। 12 अक्टूबर को श्री महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसका तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला पर स्वागत किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि 13, 14 एवं 15 अक्टूबर को बीएसए कॉलेज मैदान में तीन दिवसीय अग्रसेन मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अग्रवाल समाज के लोगों से सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।
पूर्व मुख्य मीडिया प्रभारी राजीव मित्तल ‘सोनू’ ने बताया कि महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए सभी संयोजक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
बैठक में उपाध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल कोसी, जयंती संयोजक किशोर मित्तल, संदीप अडूकी, अग्रवाल सभा अध्यक्ष अशोक बंसल, प्रधानमंत्री सुभाष सिक्का, रजनीश चौधरी, शोभायात्रा संयोजक रोहित एटा, रवि कैटर्स, विनोद सिंघल, विभोर अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


