•एसपी ने विंध्याचल में विश्राम स्थल व पार्किंग का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश।
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। आगामी शारदीय नवरात्र मेला और मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस बल के साथ विंध्याचल क्षेत्र में श्रद्धालुओं के विश्राम स्थलों और वाहन पार्किंग का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा दर्शन-पूजन सुगम और सुरक्षित रहे, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
उन्होंने पार्किंग स्थलों पर वाहनों के बेहतर प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही भीड़ के दबाव को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने और आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन की ओर से नवरात्र मेले को लेकर सुरक्षा एवं यातायात की व्यापक योजना तैयार की जा रही है, ताकि देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर सकें।


