लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर दवा कंपनियों से कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि दवा कंपनियों से कमीशन की शक्कर लेकर शिकंजी बनाकर गटक जाने वाली भाजपा सरकार दवा कंपनियों पर क्या शिकंजा कसेगी?
अखिलेश यादव ने कहा कि जो भाजपाई ‘चंदा-चढ़ावा-दान’ की चोरी तक करने में नहीं शर्माते हैं, निवेश के लिए भी एडवांस कमीशन लेकर अपने काले कारनामों को खुद ही क्लीन चिट दे देते हैं और दूसरों की ‘केयर’ के नाम पर जमा फंड को अपने नाम करके उसे ‘ऑडिट फ्री’ घोषित कर लेते हैं, वे क्या किसी दवा कंपनी को छोड़ेंगे? जनता खुद सोचे और बताए।
उन्होंने कहा कि जिनके कमीशन ने ही दवाओं की कीमत बढ़ाई है, वे मरीजों से दगा करने वाले ‘निर्दयी भाजपाई’ हैं। भाजपा सरकार में कमीशनखोरी चरम पर है। कमीशनखोरी के कारण महंगाई और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है।


