•रिफाइनरी, औद्योगिक क्षेत्र और छाता में लगाए गए शिविर; तीन दिवसीय अभियान के तहत 8 अक्टूबर तक होंगे आयोजन
मथुरा। शासन एवं प्रशासन के निर्देश पर औद्योगिक प्रतिष्ठानों और निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए तीन दिवसीय ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ शुरू किया गया। अभियान के तहत मंगलवार को जिले के तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों में शिविर लगाकर कुल 567 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (मथुरा रिफाइनरी) में 207, आरईडब्ल्यू कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, डी-5 साइट-ए, औद्योगिक क्षेत्र में 225 तथा पेप्सिको इंडिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड, छाता में 135 श्रमिकों की जांच की गई। चिकित्सकीय टीमों ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ आवश्यक परामर्श भी दिया।
शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा कार्यजनित, व्यावसायिक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय से पहचान करना है।
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को रिफाइनरी एसोसिएशन, के-92 साइट-बी, औद्योगिक क्षेत्र तथा यूपीसीडा कोसी-कोटवन औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्यालय में शिविर प्रस्तावित है। वहीं 8 अक्टूबर को जैनकॉर्ड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, दौताना-चंदौरी रोड, छाता और वेकमेट इंडिया लिमिटेड, यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र, छाता में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ईएसआईसी, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और अस्पताल की टीमों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।


