•युवाओं ने दिया सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत का संदेश।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। शासन के निर्देशों के क्रम में जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का आयोजन युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. सलोनी गर्ग के नेतृत्व में किया गया।
रैली में युवक मंगल दल, महिला मंगल दल के सदस्यों और पीआरडी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के विभिन्न विकासखंडों से निकली बाइक रैलियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कृष्णा पैलेस पहुंचीं। इसके बाद जिला स्तरीय बाइक रैली सुबह नौ बजे विकास भवन से रवाना हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए कृष्णा पैलेस स्थित आयोजन स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में शामिल युवाओं ने हाथों में विभिन्न संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्र निर्माण और युवा सहभागिता का संदेश दिया। इस दौरान ‘सेवा मेरा योगदान—विकसित भारत का संकल्प’ और ‘विकसित भारत@2047’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को समाजसेवा के प्रति प्रेरित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।


