•होली गेट स्थित कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेगा मार्च, सौंपा जाएगा ज्ञापन
मथुरा। महानगर कांग्रेस कमेटी मथुरा-वृंदावन की ओर से गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला जाएगा। मार्च सुबह 10 बजे होली गेट स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेगा। वहां कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।
महानगर कांग्रेस के अनुसार मार्च में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
महानगर अध्यक्ष पंडित यतेंद्र मुकद्दम ने कहा कि वोट जनता का अधिकार और लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत है। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की।
पूर्व सीएलपी लीडर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने मताधिकार के प्रति जागरूकता को जरूरी बताते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है।
मार्च में मुकीम कुरैशी, राहुल चतुर्वेदी, आशीष अरोड़ा, अशोक शर्मा, प्रकाश शर्मा, आनंद शर्मा, संदेश पाठक, राजू फारूखी और अनमोल चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।


