मथुरा। नगर निगम की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने गुरुवार को वार्ड संख्या 24 में नगर निगम की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने केआर इंटर कॉलेज के बराबर, भरतपुर गेट मोड़, भैंस बहोरा मार्केट, जैसवाल रोड और वाल्मीकि बस्ती के सामने स्थित नगर निगम की भूमि का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने केशवपुर-मथुरापुर खसरा संख्या 607/2/2 स्थित नगर निगम की भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति देखी। उन्होंने अपर नगर आयुक्त प्रियांका सिंह को निर्देश दिए कि भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए नियमानुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि की चारों ओर फेंसिंग कराई जाए और नगर निगम के स्वामित्व संबंधी बोर्ड लगाए जाएं, जिससे भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम की सभी भूमियों को चिह्नित कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रियांका सिंह, राजस्व निरीक्षक मथुरा प्रसाद, लेखापाल वेद प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


