गोवर्धन / मथुरा। गोवर्धन के प्रसिद्ध संत एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर ब्रज क्षेत्र में पशु वध पर पूर्ण रूप से रोक लगाने की अपील की है।
संत दिनेश शर्मा ने पत्र में कहा है कि ब्रज भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि है। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से पशु वध की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे संत समाज और ब्रजवासियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि गोवर्धन सहित पूरे ब्रज मंडल को पशु वध मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि गोवर्धन पवित्र तीर्थ स्थल है, यहां गौ-हत्या और पशु वध जैसे कृत्य सनातन धर्म की भावनाओं को आहत करते हैं। ब्रज में गौ-माता की रक्षा और पशु वध पर रोक के लिए सख्त कानून का पालन कराया जाए।
गौरतलब है कि संत दिनेश शर्मा फलाहारी इससे पहले भी गौ-माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने के लिए अपने रक्त से पत्र लिखकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मांग कर चुके हैं। साथ ही हाल ही में उन्होंने वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था।
संत समाज ने मुख्यमंत्री से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।


