•सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य कराने पर जोर।
वृंदावन (मथुरा)। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सोमवार को लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन, वृंदावन में वृंदावन जोन के पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा नगर निगम से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर आयुक्त ने पार्षदों से उनकी वार्डों की स्थिति और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं को नगर आयुक्त के समक्ष रखा।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्य केवल तात्कालिक जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि दीर्घकालीन दृष्टि से किए जाने चाहिए। गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और ऐसे स्थायी कार्य कराए जाएं जिनका नागरिकों को लंबे समय तक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में रहेगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी महेश चंद, अवर अभियंता निर्माण अरुण सिंह सहित वृंदावन जोन के पार्षदगण उपस्थित रहे।


