•राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने डीआईजी को भेजा पत्र, कार्रवाई न होने पर न्यायालय जाने की चेतावनी
के.के. मिश्रा, संवाददाता
संतकबीरनगर। जिले के थाना दुधारा क्षेत्र में पत्रकार राहुल त्रिपाठी के साथ कथित अभद्रता और वसूली का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह ने इस संबंध में पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र को पत्र भेजकर संबंधित पुलिसकर्मियों और थाना प्रभारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
राहुल सिंह के मुताबिक, इस मामले में 13 सितंबर 2026 को शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिसकर्मी मोतीलाल, हरिप्रसाद, संजय प्रसाद और थाना प्रभारी दुधारा अमित कुशवाहा की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
फोन कर थाने बुलाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ से जुड़े पत्रकार राहुल त्रिपाठी पुत्र रमेशचन्द्र त्रिपाठी, निवासी ग्राम पिपरा, थाना धर्मसिंहवा, जनपद संतकबीरनगर को 12 सितंबर 2026 की रात करीब 8:40 बजे थाना दुधारा से फोन कर थाने बुलाया गया था। आरोप है कि रात करीब 9:09 बजे जब वह संतकबीरनगर फिलिंग स्टेशन, पिपरा हंकार के पास मौजूद थे, तभी पुलिसकर्मी मोतीलाल, हरिप्रसाद और संजय प्रसाद वहां पहुंचे। अधिकारियों द्वारा बुलाए जाने की बात कहकर वे उन्हें अपने साथ थाने ले गए।
6,400 रुपये लेने और 20 हजार मांगने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थाने ले जाने का कारण पूछने पर राहुल त्रिपाठी के साथ गाली-गलौज की गई। उनकी जेब में रखे 6,400 रुपये कथित तौर पर ले लिए गए और मोबाइल फोन बंद कर जब्त कर लिया गया। इसके बाद उनसे 20 हजार रुपये की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में उनके पिता रमेशचन्द्र त्रिपाठी से पैसे मंगाने के लिए बातचीत कराई गई। साथ ही, मामले की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने पर न छोड़ने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि उच्चाधिकारियों को सूचना दिए जाने के बाद रात करीब 1:30 बजे राहुल त्रिपाठी को छोड़ा गया।
आईजीआरएस के जरिए शिकायत, न्यायालय जाने की तैयारी
राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि अब जिलाधिकारी संतकबीरनगर को आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत भेजकर मुकदमा दर्ज कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।
उन्होंने डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र को भेजे पत्र में संबंधित लोक सेवकों के विरुद्ध सक्षम न्यायालय में याचिका दायर करने की अनुमति भी मांगी है। राहुल सिंह ने कहा कि यदि मामले में समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती है तो न्यायालय की शरण ली जाएगी।


